कुंदन पाल | ललितपुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंचाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को पूरा करने में ललितपुर जिले का व्यापक योगदान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने समीक्षा बैठक की। शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय वन ट्रिलियन डॉलर (OTD) सेल के प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्र के प्रमुख सूचकांकों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सेक्टरों में जनपद का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीडीपी में ललितपुर का महत्वपूर्ण योगदान हो। यहां के लोग मेहनती हैं और कृषि, फसल उत्पादन तथा घरेलू उत्पादों के माध्यम से प्रदेश व देश की जीडीपी में अपना योगदान देते हैं।

विकास की संभावनाओं का पता लगाएं
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न सेक्टरों में विकास की संभावनाओं का पता लगाएं। उन्होंने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को एक सप्ताह के भीतर यह बताने का निर्देश दिया कि पिछले आंकड़ों के सापेक्ष किन-किन सेक्टरों को शामिल किया जाए, जिससे जनपद की जीडीपी तेजी से बढ़े और यह प्रदेश की 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में एक चमकते सितारे की तरह दिखे।
प्रोजेक्टों में पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जनपद के सकल घरेलू उत्पाद में प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्रों के योगदान का समीक्षात्मक विश्लेषण किया। उन्होंने उन विभागों को प्रगति सुधारने के निर्देश दिए जिनकी स्थिति संतोषजनक नहीं है। साथ ही, अपने-अपने प्रोजेक्टों में पंजीकरण बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी का शोषण न हो। उन्होंने शासन को सही रिपोर्टिंग करने पर भी जोर दिया ताकि आंकड़े सही ढंग से परिलक्षित हों।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला खनन अधिकारी और जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
