![]()
अमेठी में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मुसाफिरखाना में 40 किलोग्राम फफूंदी युक्त खोया नष्ट किया गया और कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देशों पर यह अभियान चलाया गया। उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना और सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने मुसाफिरखाना और अमेठी क्षेत्रों में व्यापक जांच की। देखें, 3 तस्वीरें… अभियान के तहत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीकृष्ण चौहान ने मुसाफिरखाना स्थित पराग स्वीट्स कारखाने से खोया का नमूना लिया। जांच में लगभग 40 किलोग्राम खोया में चीनी मिश्रित फफूंदी पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस खोये का अनुमानित मूल्य लगभग 16 हजार रुपये था। इसी प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का भी नमूना संग्रहित किया गया। एक अन्य कारखाने में गंदगी मिलने पर संचालक को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने मेसर्स धनेशा राजपूत के प्रतिष्ठान से छेना और मिल्क केक के नमूने भी लिए।
इसके अतिरिक्त, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूजा गुप्ता ने अमेठी स्थित बंगाली स्वीट्स हाउस से छेना मिठाई, किसान डेयरी गौरीगंज से खोया और मधूसुदन स्वीट्स एंड डेयरी से कलाकंद के नमूने संग्रहित किए। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
40 किलो फफूंदी युक्त खोया नष्ट किया:अमेठी में रक्षाबंधन पर खाद्य विभाग की छापेमारी, सात नमूने जांच को भेजे