![]()
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता युवक राहुल (20 वर्ष) पुत्र ललित का शव कर्णावती नदी से बरामद किया गया है। गैपुरा स्थित राजकीय आईटीआई के पास नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। राहुल कठवैया गांव का निवासी था और 25 अप्रैल की शाम से लापता था। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या की गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंका गया। शव को पानी में डुबोकर छिपाने के लिए उस पर लगभग 50 किलोग्राम का भारी पत्थर बांधा गया था, जिससे यह सुनियोजित वारदात प्रतीत होती है। मृतक राहुल के पिता मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी करने के बाद राहुल अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था। 25 अप्रैल की शाम उसने आंवा लगाया और रात में भोजन के बाद बरामदे में सोने चला गया था। अगली सुबह वह लापता मिला, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को गांव के ही एक युवक ने नदी से उठ रही दुर्गंध के बीच राहुल का शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है।
Source link
4 दिन लापता युवक का शव नदी से बरामद:हत्या के बाद 50 किलो पत्थर बांधकर पानी में शव छिपाया, आरोपियों की तलाश जारी