![]()
कानपुर में गोविंद नगर विधानसभा के डबल पुलिया के नीचे जल निगम की खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन टूटने से शास्त्री नगर, विजयनगर समेत आसपास के इलाकों के करीब डेढ़ लाख लोग पिछले तीन दिनों से पानी के संकट से जूझ रहे हैं। बुधवार शाम 4 बजे विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और कार्य में लापरवाही पर जल निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। ‘कल तक पानी चालू नहीं हुआ तो उल्टा लटका देंगे’ निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि मरम्मत का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस पर उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता सिकंदर पटेल और अवर अभियंता अनिल कुमार को मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि 9 जुलाई की सुबह तक हर हाल में पानी की सप्लाई शुरू हो जानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए यहां तक कहा कि कल तक पानी चालू नहीं हुआ तो उल्टा लटका देंगे। जनता को परेशान करने वाले अधिकारी कानपुर छोड़कर भागने के लिए तैयार रहें। ‘पानी सबसे जरूरी सुविधा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं’ सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से जनता को जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरत पड़े तो पूरी रात काम करें, लेकिन गुरुवार सुबह तक हर हाल में जलापूर्ति बहाल होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारी, पूर्व पार्षद प्रेम सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सतीश शुक्ला और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे।
Source link
3 दिन से पानी को तरसे डेढ़ लाख लोग:विधायक सुरेंद्र मैथानी बोले- कल तक सप्लाई शुरू करो, नहीं तो उल्टा लटका देंगे