2011 रिपीट कर 2012 वाली कामयाबी की तैयारी में सपा:गुडलक के लिए गोरखपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन; 3 दिन रहेंगे अखिलेश


समाजवादी पार्टी सितंबर महीने में गोरखपुर में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है। नवंबर 2011 में चंपा देवी पार्क में इस तरह का आयोजन हुआ था और उसके कुछ महीनों बाद हुए 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत से सत्ता में आयी थी। 15 साल बाद पार्टी एक बार फिर 2011 को रिपीट करेगी और इसके जरिए 2012 वाली कामयाबी पाने की तैयारी कर रही है। यानी सत्ता में आने के लिए गुडलक या टोटके रूप में पार्टी गोरखपुर में यह आयोजन करेगी। 3 दिनों तक चलने वाले सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तीनों दिन उपस्थित रहेंगे। लखनऊ में पिछले सप्ताह गोरखपुर के पदाधिकारियों को बुलाया गया था। उनके साथ बैठक भी की गई। बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन कराने को कहा था। इसकी तैयारी के निर्देश दिए थे। जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष भी गोरखपुर आएंगे और तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे। सोमवार को संपन्न बैठक में विस्तार से इस सम्मेलन को लेकर चर्चा हुई है। स्थान और तिथि से प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। गोरखपुर में ही पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बने थे अखिलेश यादव
गोरखपुर में 2011 में हुआ सम्मेलन सपा के लिए तो शुभ साबित हुआ ही था, अखिलेश यादव के राजनीतिक करियर के लिए भी मील का पत्थर साबित हुआ। मुलायम सिंह ने यह सम्मेलन गोरखपुर में कराया। यह ऐसा सम्मेलन होता है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। अखिलेश यादव को यहां प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। 2012 में पार्टी सत्ता में आयी और अखिलेश विधायक दल के नेता चुन लिए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की बागडोर संभाली। 10 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल सपा का यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन सहारा एस्टेट या रेलवे स्टेडियम में हो सकता है। इसमें पूरे प्रदेश से लगभग 10 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसी सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा और कई राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव भी पास किए जाएंगे। जिला स्तर से स्थान एवं तिथि के एक से अधिक विकल्प भेजे गए हैं। इससे पहले 2022 में लखनऊ के रमाबाई स्टेडियम में रमाबाई अंबेडकर स्टेडियम में यह सम्मेलन हुआ था। उस समय नरेश उत्तम पटेल को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था। जानिए सम्मेलन के लिए क्यों गोरखपुर को ही चुना गया
सपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि गोरखपुर का चयन ‘गुडलक’ के लिए किया गया है। 2011 में चुनाव से ठीक पहले यानी नवंबर में जब यह सम्मेलन आयोजित हुआ था तो 2012 के चुनाव में सपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने में कामयाब रही थी। सपा नेता ने कहा कि राजनीति में गुडलक का बहुत महत्व होता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इस बात को मान रहे हैं और इसी कारण एक बार फिर चुनाव से ठीक पहले गोरखपुर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि निर्धारित समय से लगभग 2 महीने पहले चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में सितंबर में इस सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यहां सम्मेलन आयोजित करने का दूसरा कारण मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होना है। यहां से जो भी प्रस्ताव पास होंगे, पूरे प्रदेश में उसका संदेश जाएगा। दो दिनों तक कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे, विभिन्न प्रस्ताव पास होंगे और तीसरे दिन खुला सम्मेलन होगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव तीनों दिन यहां रह सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *