![]()
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में 10 अगस्त से लापता 35 साल की अनीता देवी की तलाश में बुधवार सुबह 11 बजे से शारदा नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। महमूदाबाद पुलिस ने पीएसी की फ्लड यूनिट के साथ स्टीमर और अन्य संसाधनों की मदद से नहर में खोजबीन कराई। घटनास्थल के पास मिली चप्पलों को आधार बनाकर टीम महिला की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। अगस्त की रात मारपीट का आरोप रामपुरकलां क्षेत्र के पचदेवरा गांव निवासी अनीता देवी के पिता प्रह्लाद के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उनकी बेटी की शादी विजय कुमार से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अनीता के साथ मारपीट करते थे। परिजनों के अनुसार, 9 अगस्त की रात भी ससुरालियों ने अनीता के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसे नहर के पास ले जाकर फेंक दिया गया। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो अनीता वहां नहीं मिली। नहर किनारे मिलीं चप्पलें परिजनों ने काफी तलाश की। 10 अगस्त को महमूदाबाद के शेरपुर पुल के पास शारदा नहर किनारे अनीता की चप्पलें मिलीं। इसके बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर महिला को नहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सीमा विवाद के चलते कार्रवाई में देरी का आरोप मामले में रामपुरकलां और महमूदाबाद पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर मंगलवार तक सीमा विवाद की स्थिति बनी रही। परिजनों का आरोप है कि कार्रवाई में देरी से नाराज होकर उन्होंने मंगलवार रात करीब 11:50 बजे ग्रामीणों के साथ जनरेटर की रोशनी में खुद नहर में उतरकर अनीता की तलाश शुरू कर दी। मामला सामने आने के बाद तेज हुआ सर्च अभियान मामला सुर्खियों में आने के बाद महमूदाबाद पुलिस सक्रिय हुई। बुधवार से पुलिस और पीएसी की फ्लड यूनिट ने सर्च अभियान तेज कर दिया। स्टीमर और अन्य संसाधनों की मदद से नहर में संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया- महिला की तलाश की जा रही है।
Source link
2 दिन से लापता विवाहिता की शारदा नहर में तलाश:ससुरालियों पर नहर में फेंकने का आरोप, चप्पलें मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन