2सितंबर के मेरठ बंद से पीछे हटा संयुक्त व्यापार संघ:शास्त्रीनगर की संघर्ष समिति के बंद को अजय-नवीन गुप्ता गुट का समर्थन नहीं


मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के सेटबैक प्रकरण को लेकर बनाई गई संघर्ष समिति की ओर से 2 सितंबर को घोषित मेरठ बंद को लेकर व्यापारियों में समर्थन जुटाने का अभियान चल रहा था। संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर के नेतृत्व में अलग-अलग बाजारों में जनसंपर्क कर व्यापारियों से बंद के समर्थन की अपील की जा रही थी। इसी बीच देर रात संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता और नवीन गुप्ता गुट ने बंद से अपना समर्थन वापस ले लिया। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के हित में प्रयास कर रहा है। शासन और प्रशासन के स्तर पर सकारात्मक बातचीत आगे बढ़ रही है। ऐसे में फिलहाल बंद का आह्वान करना उचित नहीं है। अजय गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत और सकारात्मक प्रयास जारी रहने चाहिए। यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो व्यापारियों के हित में आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवास विकास परिषद की ओर से भी कार्रवाई के संबंध में 21 सितंबर तक का समय दिया गया है। इसके अलावा 4 सितंबर को जन्माष्टमी का पर्व भी है। ऐसे में इस समय मेरठ बंद करना उचित नहीं होगा। नवीन गुप्ता गुट के उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता ने भी बंद से समर्थन वापस लेने की बात कही। उन्होंने भी प्रशासन की ओर से चल रही बातचीत, 21 सितंबर तक कार्रवाई न होने के समय और 2 सितंबर को जन्माष्टमी होने को समर्थन वापस लेने का कारण बताया। उधर, संघर्ष समिति की ओर से 2 सितंबर को प्रस्तावित बंद के लिए बाजारों में जनसंपर्क अभियान जारी है। समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर के नेतृत्व में व्यापारियों से संपर्क कर बंद को सफल बनाने के लिए समर्थन मांगा जा रहा है। ऐसे में संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुटों के समर्थन वापस लेने से बंद की तैयारियों को झटका लगा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *