हाथरस में अज्ञात वाहन ने ली जान:फिरोजाबाद निवासी बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत


हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में फिरोजाबाद निवासी एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजकुमार शर्मा पुत्र डोरी लाल शर्मा निवासी शिव नगर, जलेसर रोड, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह कांच के कारोबार से जुड़े थे और किसी कार्य से बाइक द्वारा फिरोजाबाद से अलीगढ़ जा रहे थे। बताया गया कि आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव लहरा के निकट पहुंचने पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजकुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। राजकुमार शर्मा अपने पीछे चार संतानों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *