हाई वोल्टेज से घरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान जले:आदर्श कॉलोनी में लाखों का नुकसान, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप


मुज़फ्फरनगर की आदर्श कॉलोनी में मंगलवार दोपहर हाई वोल्टेज बिजली आपूर्ति के कारण सैकड़ों घरों और दुकानों में लगे विद्युत उपकरण जल गए। इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुबह से क्षेत्र में बिजली बाधित थी। दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच जैसे ही आपूर्ति बहाल हुई, वोल्टेज अचानक बढ़ गया। इसके परिणामस्वरूप घरों में लगे मोटर, इन्वर्टर, टीवी, पंखे, मोबाइल चार्जर और लैपटॉप सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। कई घरों की वायरिंग से धुआं भी निकलता देखा गया, जिससे लोग घबराकर बाहर निकल आए। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। लोगों ने विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस हाई वोल्टेज के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदारों ने बताया कि उनके व्यापार से संबंधित उपकरण भी खराब हो गए हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक झटका लगा है। गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई की मांग की। एसडीओ ने बताया कि क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर से गलत कनेक्शन किए जाने के कारण यह फॉल्ट हुआ हो सकता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जेई स्तर पर कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *