हाईटेंशन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत:गोंडा में झुलसने के कारण कमर-चेस्ट का हिस्सा गला, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप


गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम झुकी हुई हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हादसा सोमवार शाम करीब 6:30 बजे विशम्भपुर और नौव्वाडीह गांव की सीमा के पास हुआ। मृतक की पहचान छोटका नौव्वा गांव निवासी इस्लाम उर्फ गूंगे (50) पुत्र मोहम्मद अली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस्लाम विशम्भपुर गांव से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में वह सड़क किनारे नीचे उतरे, तभी उन्हें झुकी हुई हाईटेंशन लाइन दिखाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया झुकी हुई हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए झुकी हुई हाईटेंशन लाइन को हादसे का कारण बताया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *