![]()
मुरादाबाद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना, अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराना और जनभागीदारी बढ़ाना है। जिलाधिकारी के अनुसार, इस बार अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। लोगों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, नागरिकों से ‘वंदे मातरम्’ का वीडियो बनाकर भी पोर्टल पर साझा करने की अपील की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें। अभियान में सभी सरकारी विभाग, शिक्षण संस्थान, स्थानीय निकाय और स्वयंसेवी संगठन सक्रिय भूमिका निभाएंगे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे युवाओं और आमजन में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता के सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, सम्मान और उसके सही उपयोग के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि यह अभियान पूरी मर्यादा और उत्साह के साथ सफल हो सके।
Source link
हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज:मुरादाबाद में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान