![]()
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को मेरठ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एलपीजी गैस पर निर्भरता कम करने के लिए गोबर गैस को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना है कि हर किसान के घर 50 किलोग्राम गोबर से संचालित होने वाली गोबर गैस यूनिट स्थापित की जाए। इससे रसोई गैस की समस्या का समाधान होगा, साथ ही बिजली और जैविक खाद भी उपलब्ध होगी। मंत्री महानगर भाजपा अध्यक्ष विवेक रस्तोगी की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने मेरठ पहुंचे थे। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनता को सुरक्षा और समग्र विकास देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य केवल खेती से नहीं, बल्कि पशुपालन को मजबूत बनाकर भी पूरा किया जाएगा। कृषि और पशुधन एक-दूसरे के पूरक हैं और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। प्रदेश की 6 हजार से ज्यादा गौशालाओं में 13 लाख गोवंश संरक्षित धर्मपाल सिंह ने बताया कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण योगी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में 6 हजार से अधिक गौशालाओं में करीब 13 लाख गोवंश संरक्षित हैं, जिनके रखरखाव पर प्रतिदिन लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गोवंश संरक्षण के साथ-साथ उसे किसानों की आय का माध्यम बनाने पर भी काम कर रही है। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच गोबर गैस पर जोर मंत्री ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण एलपीजी और अमोनिया गैस की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में गोबर गैस भविष्य का प्रभावी विकल्प बन सकती है। उन्होंने कहा कि गोबर गैस से खाना बनाने के साथ बिजली उत्पादन और उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद भी तैयार होगी, जिससे किसानों को कई स्तर पर लाभ मिलेगा। 18 मंडलों में काम कर रही समिति मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। यह समिति प्रदेश के सभी 18 मंडलों में योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा पर काम कर रही है, ताकि गोबर गैस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंचाया जा सके।
Source link
हर किसान के घर लगेगा गोबर गैस प्लांट:मेरठ में मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- 50 किलो गोबर से चलेगी यूनिट, खाना भी बनेगा