हरदोई में सिपाही से अभद्रता, सास-बहुओं पर केस:वीडियो आने के बाद सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप


हरदोई पुलिस ने एक सिपाही के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने, सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में आरोपी सास, उनकी दो बहुओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सिपाही की लिखित शिकायत और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है। इससे संबंधित रिपोर्ट बुधवार की शाम 4:21 पर मल्लावां कोतवाली में दर्ज की गई है। यह घटना 25 जून को दोपहर करीब 3 बजे हुई थी, जब कोतवाली मल्लावां में तैनात एक सिपाही तेरिया भवानीपुर गांव पहुंचा था। वह भजनपुरवा गांव निवासी सचिन यादव द्वारा दिए गए एक प्रार्थना पत्र की जांच करने गया था। सिपाही ने प्रार्थना पत्र में नामजद आशीष मिश्रा और मनीष मिश्रा (पुत्रगण राजेश कुमार) को कोतवाली आकर दरोगा के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। इसी दौरान मनीष और आशीष, उनकी मां और दोनों पत्नियां उग्र हो गईं। आरोप है कि इन लोगों ने सिपाही पर उल्टे-सीधे आरोप लगाते हुए उससे अभद्रता की। सिपाही द्वारा सरकारी कार्य का हवाला देने के बावजूद, आरोपियों ने लगातार चिल्लाते हुए सरकारी काम में बाधा डाली और सिपाही को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वहां से जाने को कहा। उस समय सिपाही ने सूझबूझ से काम लेते हुए मामले को शांत कर दिया था। हालांकि, किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने और झूठे मुकदमे में फंसाए जाने के लगातार प्रयासों से आहत होकर सिपाही ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मल्लावां कोतवाली में बुधवार शाम 4:21 बजे बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सरकारी कर्मचारी पर आपराधिक बल प्रयोग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, आपराधिक धमकी देने और जानबूझकर अपमान करने से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि मनीष और आशीष की पत्तियों समेत मनीष की मां पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *