हरदोई में छत से गिरी महिला की मौत:बारिश में चूल्हा ढकते समय हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम


हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बढ़ैयनपुरवा गांव में छत से गिरी एक महिला की इलाज के दौरान शनिवार रात 9:38 बजे मौत हो गई। 53 वर्षीय राम कुमारी उर्फ महकोरा बारिश के दौरान मिट्टी का चूल्हा ढकते समय अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से सीढ़ियों के बजाय सीधे सड़क पर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल महिला ने शनिवार रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हुई, जब अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। राम कुमारी अपने पति जालिम और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छत पर सो रही थीं। बारिश शुरू होते ही परिवार के अन्य सदस्य नीचे आ गए, लेकिन राम कुमारी छत पर रखे मिट्टी के चूल्हे को भीगने से बचाने के लिए उसे ढकने लगीं। चूल्हे को ढकने के बाद जब राम कुमारी नीचे उतरने लगीं, तो अत्यधिक अंधेरा होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया। वह सीढ़ियों की ओर जाने के बजाय सीधे मकान के बाहर सड़क पर जा गिरीं। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने उन्हें लहूलुहान हालत में तत्काल अहिरोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में शनिवार को दिनभर उनका इलाज चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और शनिवार रात 9:38 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतका अपने पीछे पति जालिम सिंह, चार बेटे सियाराम, राम रतन, रविकांत, सुशील और एक बेटी मीना को छोड़ गई हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि यह घटना दूसरे थाना क्षेत्र की है, लेकिन सूचना मिलने पर शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *