![]()
हमीरपुर ज़िले के बिवांर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक के सीने में गोली लगने का निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना बिवांर थाना क्षेत्र में हुई है। यहां पाटनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र शुभकरन सिंह का शव खून से लथपथ सड़क के किनारे मिला है। बताया गया कि सचिन बुधवार शाम रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने छानी गांव स्थित एक गेस्ट हाउस आया था। देर रात करीब 12 बजे उसका शव सड़क किनारे डिवाइडर के पास पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा धर्मपाल सिंह का आरोप है कि सचिन की रंजिशन हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि सचिन के सीने में गोली लगने का निशान था और उसकी शर्ट के बटन भी टूटे हुए थे, जिससे संघर्ष की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं मृतक के ससुर छोटेबाबा ने अपने ही भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी समारोह के दौरान सचिन और आरोपी भतीजे के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद ही सचिन की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Source link
हमीरपुर में शादी में आए युवक की गोली मारकर हत्या:सीने के आरपार हुई बुलेट, चाचा ने लगाया- पुरानी रंजिश में हमले का आरोप