'हनुमान चालीसा कलरिंग बुक फॉर ऑल जनरेशन’ का विमोचन:लखनऊ में मालिनी अवस्थी बोलीं – बजरंगबली शांति और शालीनता का उदाहरण


राजधानी लखनऊ के हनुमंत धाम मंदिर परिसर में शनिवार को ‘हनुमान चालीसा कलरिंग बुक फॉर ऑल जनरेशन’ का विमोचन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोक गायिका मालिनी अवस्थी मौजूद रहीं। इस अवसर पर पुस्तक की लेखिका, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष रश्मि सामंत सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। पुस्तक विमोचन के बाद अपने संबोधन में मालिनी अवस्थी ने कहा कि बजरंगबली इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण हैं कि अपार शक्ति और सामर्थ्य होने के बावजूद व्यक्ति कैसे शांत, विनम्र और शालीन रह सकता है। उन्होंने कहा कि हनुमंत धाम जैसे पवित्र स्थान पर इस प्रकार के आयोजन का हिस्सा बनना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। 2 तस्वीरें देखिए… महिलाओं में बढ़ी है हनुमान जी के प्रति श्रद्धा मालिनी अवस्थी ने कहा कि समय के साथ समाज में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। पहले महिलाओं के हनुमान जी की पूजा-अर्चना को लेकर कुछ सामाजिक मान्यताएं थीं, लेकिन अब यह धारणा बदल रही है। आज बड़ी संख्या में महिलाएं भी बजरंगबली की उपासक हैं और उनके प्रति गहरी आस्था रखती हैं। युवाओं के लिए प्रेरणा का माध्यम बनेगी पुस्तक उन्होंने कहा कि ‘हनुमान चालीसा कलरिंग बुक फॉर ऑल जनरेशन’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी है। विशेष रूप से युवा वर्ग चित्रों में रंग भरते हुए न केवल अपनी रचनात्मकता को अभिव्यक्त कर सकेगा, बल्कि हनुमान जी के जीवन, चरित्र और आदर्शों को भी महसूस कर पाएगा। उन्होंने पुस्तक के चित्रांकन को अद्भुत और कल्पनाशील बताया। आल्हा-ऊदल की वीर गाथा जैसा है हनुमान चालीसा का स्वर मालिनी अवस्थी ने कहा कि रामायण के अनेक प्रसंगों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का विशेष स्थान है। इन्हें पढ़ने और गाने वाले हर वर्ग और हर आयु के लोग मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा की पंक्तियों का जो वीर रस और स्वर है, वह आल्हा-ऊदल की वीर गाथाओं की याद दिलाता है, जो अवध की सांस्कृतिक पहचान भी है। दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों को हनुमान जी की विशेष प्रतिमा भेंट की गई, जिसे कलाकार मानवेंद्र सिंह ने तैयार किया है। कार्यक्रम में हनुमान चालीसा और भगवान राम के भजनों का गायन भी हुआ। वहीं पुस्तक के कवर पृष्ठ पर अंकित हनुमान जी के चित्र पर कलाकारों द्वारा लाइव पेंटिंग कर उसे विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *