![]()
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शनिवार शाम करीब 6:40 बजे हरदोई पहुंचे। गोरक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा के तहत उनका आगमन हरपालपुर के कटियारी डिग्री कॉलेज में हुआ। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और मुख्य आयोजक पदम राग सिंह यादव ‘पम्मू’ ने अपनी टीम के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान संत समाज पर फूलों की वर्षा की गई और क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने स्वामी जी से भेंट कर आशीर्वाद लिया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केंद्र और यूपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा और आरएसएस को आड़े हाथों लिया। शंकराचार्य ने कहा कि केंद्र में 12 साल और यूपी में 9 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन इसके बावजूद गाय को अब तक ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा नहीं दिया गया। उन्होंने भाजपा पर करोड़ों हिंदुओं के साथ छल करने का आरोप लगाया, जो खुद को हिंदुओं की हितैषी बताती है। उन्होंने आगे कहा कि यूपी सरकार आज भी गाय को महज एक ‘पशु’ मानती है। शंकराचार्य ने याद दिलाया कि अंग्रेजों ने भी गाय को पशु कहा था, जिसके विरोध में 1942 में ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा दिया गया था। उन्होंने आजादी के 78 साल बाद भी सरकारों द्वारा गाय को पशु कहने को निंदनीय बताया। शंकराचार्य ने चंपत राय पर भी गंभीर कटाक्ष किए। उन्होंने राम मंदिर चोरी मामले का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि चंपत राय इस मामले में कैसे निर्दोष हो सकते हैं। स्वामी जी ने कहा- 5 जून को 80 लाख रुपये बरामद हुए थे। 7 जून को चंपत राय ने कहा- सब रूटीन में है। इतनी बड़ी बात उन्होंने जनता से क्यों छुपाई?’ आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरएसएस से जुड़े किसी भी व्यक्ति को मंदिर की व्यवस्था से बिल्कुल दूर कर देना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर के बयान का समर्थन करते हुए तत्काल प्रभाव से ‘हिंदू बोर्ड’ के गठन की मांग उठाई। इस अवसर पर बिलग्राम विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे और विमल मिश्रा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source link
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- RSS को मंदिर व्यवस्था से दूर करें:कहा- चंपत राय चढ़ावा चोरी मामले में कैसे निर्दोष हो सकते हैं