स्पेशल ट्रैफिक फोर्स की निगरानी में होंगे बडे आयोजन:अलीगढ़ के TI भी शामिल, 1 लाख से ज्यादा भीड़ वाले कार्यक्रमों की 5 दिन पहले मॉनिटरिंग


प्रदेश में बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से निपटने के लिए सरकार ने स्पेशल ट्रैफिक फोर्स का गठन किया है। यह विशेष टीम उन आयोजनों में तैनात की जाएगी, जहां एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटने की संभावना होगी। कार्यक्रम से पांच दिन पहले यह फोर्स संबंधित जिले में पहुंचकर आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी तथा यातायात प्रबंधन की पूरी रणनीति तैयार करेगी। प्रदेश स्तर पर गठित इस विशेष फोर्स में अलग-अलग जिलों के 30 से अधिक अनुभवी यातायात अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए हैं। एडीजी ट्रैफिक की ओर से गठित टीम में दो अपर पुलिस अधीक्षक, सात पुलिस उपाधीक्षक, नौ यातायात निरीक्षक और 15 यातायात उपनिरीक्षक शामिल हैं। अलीगढ़ से यातायात निरीक्षक विनय सागर शुक्ला को भी इस टीम में स्थान मिला है। हरदोई में सफल प्रयोग के बाद पूरे प्रदेश में लागू मॉडल कुछ समय पहले हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान इस विशेष ट्रैफिक टीम का प्रयोग किया गया था। वहां यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के बेहतर परिणाम सामने आने के बाद शासन ने इसे स्थायी मॉडल के रूप में पूरे उत्तर प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया। पहले से बनेगी ट्रैफिक और पार्किंग की विस्तृत योजना स्पेशल ट्रैफिक फोर्स किसी भी बड़े आयोजन से पहले संबंधित जिले में पहुंचकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करेगी। टीम आयोजन स्थल के आसपास पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन, वीवीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन मार्ग और भीड़ नियंत्रण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी। इसका उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी देना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। अलीगढ़ के यातायात निरीक्षक विनय सागर शुक्ला ने बताया कि फोर्स में उन्हीं अधिकारियों और जवानों को शामिल किया गया है, जिन्हें बड़े आयोजनों में यातायात प्रबंधन का लंबा अनुभव है। इससे किसी भी बड़े कार्यक्रम में ट्रैफिक संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो सकेगा। प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी शामिल स्पेशल ट्रैफिक फोर्स में बरेली के एएसपी अकमल खां और सीतापुर के एएसपी विवेक त्रिपाठी को शामिल किया गया है। वहीं प्रयागराज से डीएसपी अमित कुमार, सौरभ सिंह और सैफद्दीन बेग, रामपुर से राजवीर सिंह परिहार, हरदोई से अनुज मिश्रा, कौशांबी से जेपी पांडेय तथा आगरा से वीरेंद्र कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। यातायात निरीक्षकों में अलीगढ़ के विनय सागर शुक्ला, बरेली के शैलेंद्र सिंह, वाराणसी के अमित सिंह और कृष्णपाल यादव, मेरठ के विनय शाही, लखनऊ के राधेश्याम सिंह, कानपुर नगर के राजकुमार मिश्रा, सीतापुर के फरीद अहमद और गाजियाबाद के जटाशंकर पाठक शामिल हैं। इसके अलावा यातायात उपनिरीक्षकों में बाराबंकी के रामयतन यादव और परमहंस यादव, लखनऊ के अशोक मिश्रा, कामलेश्वर सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, राहुल वर्मा और रघुराज सिंह, मैनपुरी के राकेश कुमार, गोरखपुर के रामबृक्ष, कन्नौज के आफाक अहमद, जालौन के वीरबहादुर सिंह, बांदा के निहाल सिंह, कानपुर देहात के सिराजुद्दीन तथा प्रयागराज के संजीत कुमार और कानपुर नगर के संजीव पाल को शामिल किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *