सोहावल में सड़क निर्माण पर 30 लाख खर्च:मौके पर काम शुरू नहीं होने से उठे सवाल, क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश


अयोध्या के सोहावल क्षेत्र के कटरौली गांव में सड़क निर्माण में अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड पर आरोप है कि विभाग ने जुबेरगंज–साल्हेपुर–निमेचा वाया कटरौली मार्ग पर लगभग 30 लाख रुपये की धनराशि निकाली है, लेकिन मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है। यह मार्ग किलोमीटर तीन से खाद वितरण केंद्र तक माटीदार संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए था। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति अभी भी जर्जर बनी हुई है। मौके पर न तो गिट्टी डाली गई है और न ही किसी तरह का निर्माण कार्य दिखाई दे रहा है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि “30 लाख रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन एक टोकरी गिट्टी तक नहीं गिराई गई।” इस स्थिति से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। कटरौली और आसपास के गांवों के निवासियों में इस मामले को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और बरसात के मौसम में यहां से आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। सड़क का निर्माण न होने से किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के संबंधित इंजीनियरों पर लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे और आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस पूरे मामले पर विभागीय अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह सवाल बना हुआ है कि बिना काम कराए इतनी बड़ी धनराशि कैसे निकाली गई और इसकी जवाबदेही किसकी होगी। संबंधित अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन उठाना ही उचित नहीं समझा ना की कोई जवाब दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *