सोनभद्र में चौकीदार के पिता को रस्सी से बांधकर पीटा:आठ नामजद आरोपियों पर मारपीट का मामला दर्ज, जांच जारी


सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में चौकीदार के पिता को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना 17 जून की रात बगही गांव में हुई थी। बगही गांव निवासी बिहारी ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा गांव का चौकीदार है। 17 जून की रात गांव का छोटेलाल उनसे साइकिल मांगने आया था। साइकिल देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। बिहारी के अनुसार, कुछ देर बाद छोटेलाल अपने साथियों के साथ वापस आया और गाली-गलौज करने लगा। जब बिहारी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें पकड़कर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद, उन्हें रस्सी से बांधकर गांव के राजा लाखन बाबा चबूतरे के पास ले जाया गया और वहां भी मारपीट की गई। पीड़ित बिहारी को इस घटना में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पत्नी पन्ना देवी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में छोटेलाल, उसके पुत्र राकेश और सुनील के साथ-साथ नंदू, सेखन, लल्लू, सविता और आंचल सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाल रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *