![]()
सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के ग्राम सझौंवा मजरे बहुरांवा में बृहस्पतिवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतका की पहचान लक्ष्मी (27 वर्ष) पत्नी रविकुमार, निवासी ग्राम सझौंवा मजरे बहुरांवा के रूप में हुई है। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा चुके थे। मृतका के भाई कप्तान, निवासी पूरे सागर मजरे पुरखीपुर, थाना कूरेभार ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व रविकुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। कप्तान का आरोप है कि बृहस्पतिवार को भी लक्ष्मी के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय से मिली जानकारी के अनुसार, मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद से ससुराल पक्ष फरार है। मृतका अपने पीछे दो बच्चे, पुत्र श्लोक कुमार (8 वर्ष) और पुत्री सृष्टि (4 वर्ष) छोड़ गई है।
Source link
सुल्तानपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत:गले पर मिले चोट के निशान, ससुराल पक्ष फरार; भाई ने लगाया मारपीट का आरोप