![]()
सुल्तानपुर के कुड़वार क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली और जर्जर तारों की समस्या को लेकर इसौली विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने कुड़वार विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार दोपहर 12 बजे एक जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कुड़वार को टाउन एरिया बनाने की मांग की और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ताहिर खान ने अधिकारियों के समक्ष जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुड़वार एक बड़ा कस्बा और महत्वपूर्ण बाजार है, जिसके अंतर्गत लगभग 45 पुरवे आते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारी विधानसभा में सरकार ने अलीगंज, इस्लामगंज, बंधुआ या बल्दीराय जैसी जगहों को टाउन एरिया नहीं बनाया है, लेकिन हम कुड़वार को जल्द ही टाउन एरिया बनवाएंगे।” उन्होंने अधिकारियों से कुड़वार कस्बा और पंचरास्ता क्षेत्र के जर्जर बिजली के तारों और ढांचों को बदलने का आग्रह किया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आ सके। चौपाल में उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों ने शिकायत की कि कई पुरवों में आज भी बेहद पतले और सन 1985 के पुराने नंगे तार लटके हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और वोल्टेज की गंभीर समस्या रहती है। इस पर विधायक ने अधिकारियों को जल्द से जल्द इन पुराने तारों को बदलने के निर्देश दिए। क्षेत्र में बिजली के तारों की चोरी और ढीले लटके तारों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक ने एक्सियन को सीधे तौर पर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बिजली का तार चोरी होता है, तो इसके लिए जिम्मेदार लाइनमैन या संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाए और उसके वेतन से पैसे काटे जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महंगे सरकारी तारों की सुरक्षा कर्मचारियों की ही जिम्मेदारी है। ताहिर खान ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र का दौरा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी एक बार धौरहरा, बल्दीराय, सइनी, अशरफपुर, और इसौली जैसे बाजारों और क्षेत्रों में जाकर पैदल घूमें और खुद स्थिति का जायजा लें ताकि जमीनी हकीकत का पता चल सके। अरवल गांव में नीम के पेड़ से होकर 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विधायक ने वहाँ तत्काल एक नया बिजली का खंभा (पोल) लगाने की मांग की। उन्होंने नौगवां तीर और बॉर्डर से सटे तराई इलाकों को पिछड़ा क्षेत्र बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में भी जर्जर तारों और बिजली आपूर्ति की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।
Source link
सुल्तानपुर में चौपाल में गरजे इसौली विधायक:ताहिर खान बोले- कुड़वार को टाउन एरिया बनाएंगे, लापरवाह अफसरों पर होगी कार्रवाई