![]()
सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के अलीपुर में एक संविदा कर्मी की करंट लगने से गुरुवार रात मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कादीपुर-अखंडनगर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को शव घर आने पर फिर प्रदर्शन हुआ, जहां विधायक और अधिकारियों के मान मनौव्वल पर परिजन 5 बजे जाकर माने। यह हादसा नेपई क्षेत्र के पीपरीपट्टी गांव में उस समय हुआ जब जितेंद्र कुमार बिजली के खंभे पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद बिजली की आपूर्ति चालू कर दी गई, जिसके कारण उन्हें करंट लगा और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। कल प्रदर्शनकारियों ने अलीपुर विद्युत उपकेंद्र पर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद एक अन्य संविदा कर्मी के साथ मारपीट भी की। इस दौरान पुलिस की एक जिप्सी, एक कार और एक मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रशासन से कई प्रमुख मांगें रखी गई शुक्रवार को शव पहुंचने के बाद कादीपुर के उपजिलाधिकारी (SDM) मंजुल मयंक, क्षेत्राधिकारी (CO) विनय गौतम और स्थानीय विधायक राजेश गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मृतक जितेंद्र गौतम के परिजनों ने उपजिलाधिकारी कादीपुर को एक 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। यह मांग पत्र मृतक की पत्नी निर्मला देवी द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जिसमें प्रशासन से कई प्रमुख मांगें रखी गई हैं। मांग पत्र में पीड़ित परिवार के बच्चों के भविष्य और लालन-पालन के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि, रहने के लिए शासकीय आवास योजना के तहत मकान, और जीवन यापन के लिए 1 बीघा जमीन (बच्चों व पत्नी के नाम) आवंटित करने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और नियमित विधवा पेंशन की सुविधा प्रदान करने की मांग की गई है। विद्युत विभाग की ओर से नियमानुसार बीमा और क्लेम की राशि दिलाने की भी अपील की गई है। परिवार ने यह भी मांग की है कि ग्राम सभा अलीपुर कांपा के किसी भी बच्चे या ग्रामीण के खिलाफ कोई फर्जी मुकदमा दर्ज न किया जाए।
Source link
सुलतानपुर में संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत:SDM को सौंपा 7 सूत्रीय मांग पत्र, परिवार ने की 1 करोड़ मुआवजा व नौकरी की मांग