सुलतानपुर में युवक को पिस्टल की बट से पीटा:CHC में इलाज जारी, हवाई फायरिंग का आरोप; आरोपी पर गुंडा एक्ट की हुई कार्रवाई


सुलतानपुर में शुक्रवार देर शाम लगभग 7:15 पर एक युवक पर पिस्टल की बट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पीड़ित की पहचान जमखुरी कोतवाली लंभुआ निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है। राजेश सिंह सुल्तानपुर से अपने घर लौट रहे थे। जमखुरी मार्ग पर स्थित ‘पंडित पान वाले’ की दुकान पर रुकने के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। राजेश सिंह के अनुसार, जमखुरी निवासी सूरज गिरी उर्फ छोटू और चौपरिया निवासी अंकित मिश्रा अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल और अन्य हथियारों से लैस होकर हवाई फायरिंग की और पिस्टल के बट तथा दूसरे हथियारों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की पीड़ित ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे हिस्ट्रीशीटर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले महीने की 12 तारीख को इन्हीं आरोपियों ने उनकी दुकान ‘राज ट्रेडर्स’ पर गोलीबारी की थी। राजेश सिंह के मुताबिक, उन्होंने 13 तारीख को थाने में खाली कारतूस (खोखा) सौंपते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस ने उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। घायल राजेश सिंह ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया, “घटना के तुरंत बाद मैंने कोतवाली में फोन पर सूचना दी, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। पुलिस ने मुझे अपने साधन से अस्पताल जाने को कहा।” पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। उनके अनुसार, हमलावर इलाके में भय का माहौल बनाए रखते हैं और वे पहले भी जिला बदर रह चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी कही गई है। फिलहाल, घायल राजेश सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *