![]()
सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय सह संयोजक और पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणबहादुर सिंह ‘लाखन सिंह’ को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर दोस्तपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खानीपुर निवासी रणबहादुर सिंह के अनुसार, उनके ही गांव का उत्तम सिंह पुत्र रमाशंकर सिंह, जो वर्तमान में गुजरात के सूरत में रहता है, उनसे पुरानी रंजिश रखता है। आरोप है कि उत्तम सिंह ने मोबाइल फोन पर रणबहादुर सिंह को अश्लील गालियां दीं और उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर ‘विकासशील ग्राम पंचायत महिला खानीपुर’ सहित अन्य व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया। इससे पीड़ित की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचने का आरोप है। पीड़ित रणबहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव के सम्मानित लोगों के माध्यम से उत्तम सिंह को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। तहरीर में यह आशंका भी जताई गई है कि इस पूरे कृत्य के पीछे पीड़ित के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों का भी हाथ हो सकता है, जो उनकी छवि खराब करना चाहते हैं। दोस्तपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। साक्ष्य के तौर पर पुलिस को ऑडियो क्लिप की पेन ड्राइव भी सौंपी गई है। निरीक्षक सूबेदार यादव को इस मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल करने व धमकी देने के तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सुलतानपुर में भाजपा नेता को फोन पर धमकी:पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि को गांव के ही युवक ने धमकाया, FIR कराई