![]()
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में युवाओं में आक्रोश है। इसी कड़ी में, सुलतानपुर में बहुजन अधिकार सेना सामाजिक संगठन ने शनिवार को राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी (DM) के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संगठन के राष्ट्रीय कमांडर विजय राणा चमार के नेतृत्व में भेजे गए इस ज्ञापन में नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक पर चिंता व्यक्त की गई है। संगठन ने कहा कि इस प्रकरण ने करोड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों को प्रभावित किया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्षों की कड़ी मेहनत करने वाले होनहार विद्यार्थियों का मनोबल इस भ्रष्ट व्यवस्था के कारण टूट रहा है। संगठन का मानना है कि वर्तमान परीक्षा प्रणाली से लोगों का विश्वास उठ चुका है। विजय राणा ने पत्र में बताया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और धांधली का सबसे अधिक असर गरीब, दलित, पिछड़े और बहुजन समाज के उन छात्रों पर पड़ रहा है। जिनके पास सीमित संसाधन हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो युवाओं का देश की शिक्षा व्यवस्था से भरोसा समाप्त हो जाएगा। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग बहुजन अधिकार सेना ने राष्ट्रपति से त्वरित न्याय के लिए कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग प्रमुख है। संगठन ने पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों, शिक्षा माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। इसके साथ ही, प्रभावित और मानसिक तनाव से गुजर रहे छात्रों को तत्काल मानसिक एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की गई है। अन्य मांगों में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की जवाबदेही तय करना, पूरी परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाना और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त एवं प्रभावी कानून बनाना शामिल है। संगठन ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की, ताकि गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को न्यायपूर्ण व समान अवसर मिल सकें। युवाओं के बीच भारी आक्रोश संगठन ने स्पष्ट किया है कि देश का युवा आज न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। यदि छात्रों के भविष्य के साथ इसी प्रकार खिलवाड़ होता रहा, तो आने वाले समय में युवाओं के बीच भारी आक्रोश उत्पन्न होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Source link
सुलतानपुर में बहुजन अधिकार सेना का राष्ट्रपति को ज्ञापन:शिक्षा व्यवस्था में धांधली, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग