सुलतानपुर में अवैध कब्जे की जांच टीम पर हमला:प्लाटिंग करने वालों ने ग्रामीणों को पीटा, CO बोले-गांव वालों को पैमाइश पर आपत्ति थी


सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच करने गई संयुक्त टीम पर हमला हो गया। यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ग्रामीणों की शिकायत पर शत्रु संपत्ति और नहर पर हुए अवैध कब्जे की जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान प्लाटिंग करने वाले कुछ लोगों ने वहां मौजूद ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी अमला भी मौके पर मौजूद था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के बाद थाने के बाहर मामले को रफा-दफा करने के आरोप लगे। वहीं, घटना की जानकारी लेने के लिए जब एसडीएम सदर और तहसीलदार से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। सिंचाई विभाग के एक्सईएन का फोन भी नहीं उठा। हालांकि, रविवार को क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोसाईगंज थाना से संबंधित एक वीडियो वायरल हो रहा था। समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर सहायक अभियंता निरहूराम की तहरीर पर एसडीएम के आदेश से तियरी मछरौली में जूनियर इंजीनियर प्रेम सिंह कुशवाहा, राजस्व टीम के लेखपाल सुनील और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने नहर से संबंधित जमीन की पैमाइश की। इस दौरान ग्रामवासियों द्वारा पैमाइश पर आपत्ति जताई जा रही थी, जिसे मौके पर समझा-बुझाकर शांत कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शांति व्यवस्था कायम है और निरोधात्मक कार्यवाही की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *