सुबखरी रात्रि चौपाल में पंचायत सहायक नियुक्ति की मांग:संतकबीर नगर में ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई


संतकबीरनगर जिले के नाथनगर विकास खंड की ग्राम पंचायत सुबखरी में एक विशेष रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। चौपाल में ग्रामीणों ने प्रमुखता से पंचायत सहायक की नियुक्ति की मांग उठाई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से वंचित न रखा जाए। खंड विकास अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इन समूहों के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार, बैंक ऋण और सरकारी सहायता का लाभ मिलता है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। एडीओ आईएसबी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत में लगभग सवा सौ परिवारों की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं। इसके अतिरिक्त, 343 पात्र परिवारों को राशन कार्ड योजना का लाभ मिल रहा है। ग्राम पंचायत सचिव अबुशाद ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं संबंधी समस्याओं और सुझावों को खुलकर रखने की अपील की। एडीओ पंचायत सतीश कुशवाहा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान गूँजेश्वरी देवी, संदीप कुमार शुक्ला, एमआई अनिल कुमार, एडीओ एजी राजेश कुमार, एडीओ समाज कल्याण अजित कुमार, अनिल कुमार, रमेन्द्र पाल और राम सिंह यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *