![]()
बरेली पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बेहद धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। हालांकि कार्यक्रम के दौरान बारिश ने कुछ देर के लिए खलल जरूर डाला, लेकिन आयोजकों ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य समारोह को परेड ग्राउंड से रवींद्रालय में शिफ्ट कर दिया। स्थान बदलते ही माहौल पूरी तरह कृष्ण भक्ति के रंग में रंग गया और सभागार में मौजूद हर कोई कान्हा के जन्मोत्सव के उल्लास में डूब गया। नन्हे बच्चों और वृंदावन के कलाकारों ने बांधा समां कार्यक्रम की शुरुआत में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा रानी के भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मथुरा और वृंदावन से आए सुप्रसिद्ध कलाकारों ने मंच संभाला। ‘घुंघटा उठाए दे राधे’, ‘कजरारे तेरे काले-काले नैन’ और ‘जब कान्हा ने बंसी बजाई’ जैसे लोकप्रिय भजनों पर कलाकारों के मनभावन नृत्य ने माहौल को वृंदावनमय बना दिया। साक्षात नजर आए बांके बिहारी जी के दर्शन वृंदावन के कलाकारों द्वारा सजाई गई बांके बिहारी जी के स्वरूप की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। मंच पर सजी झांकी इतनी जीवंत और अलौकिक थी कि मानो पुलिस लाइन के रवींद्रालय में साक्षात वृंदावन धाम उतर आया हो। कलाकारों के सजीव चित्रण को देखकर सभागार में मौजूद अधिकारियों और अतिथियों ने करतल ध्वनि से तालियां बजाकर उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी रहे मौजूद इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा और एएसपी शिवम आशुतोष सपरिवार उपस्थित रहे। इसके अलावा एसडीएम सदर आईएएस इशिता किशोर सहित शहर के कई प्रबुद्ध नागरिकों और प्रतिष्ठित गणमान्य हस्तियों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया।
Source link
पुलिस लाइन में जन्माष्टमी महोत्सव पर बारिश के बीच थिरके:मथुरा-वृंदावन के कलाकारों ने प्रस्तुत की जीवंत मनमोहक झांकियां, बारिश के चलते रवींद्रालय में सजा मंच