सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग, अफसरों का वेतन रोका:सहारनपुर डीएम ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खराब प्रदर्शन वालों को नोटिस


सहारनपुर में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास और राजस्व कार्यों की खराब प्रगति को लेकर डीएम अरविंद कुमार चौहान ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं की प्रगति में लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। शुक्रवार शाम 5 बजे नवीन सभागार में हुई बैठक में आबकारी, स्टाम्प, परिवहन, स्वास्थ्य, विकास, बाल विकास, समाज कल्याण, विद्युत, तकनीकी शिक्षा, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। आईजीआरएस की शिकायतों पर भी सख्ती डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड सरकार की प्राथमिकताओं और विभागीय कामकाज की प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारने और सर्वोच्च रैंक हासिल करने के लिए गंभीरता से काम करना होगा। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल और जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए और शिकायतों का वास्तविक समाधान किया जाए। डेटा फीडिंग में गलती पर भी चेतावनी डीएम ने संबंधित विभागों को सीएम डैशबोर्ड पर समय से सही और पूरा डेटा फीड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलत या अधूरी जानकारी के कारण किसी विभाग की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। अधिकारियों को शासन के निर्देशों और उच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *