![]()
श्रावस्ती के मल्हीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज में कथित लापरवाही के कारण एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। बीरपुर लौकिहा निवासी अजय कुमार पाठक ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मल्हीपुर थाना और सीएचसी को शिकायती पत्र दिया है। शिकायतकर्ता अजय कुमार पाठक के अनुसार, 20 अप्रैल की रात उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सुबह 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। एम्बुलेंस कर्मियों ने प्राथमिक उपचार देते हुए मरीज को ऑक्सीजन लगाई और उन्हें सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। एम्बुलेंस कर्मियों ने बताया कि डॉक्टर के आने तक ऑक्सीजन लगी रहेगी। अजय कुमार पाठक का आरोप है कि जब वह डॉक्टर को बुलाने उनके कमरे पर गए, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद डॉक्टर बाहर आए और उनसे अभद्र भाषा में बात करने लगे, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद डॉक्टर ने मरीज का एम्बुलेंस में इलाज करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कथित आरोप है कि मरीज को एम्बुलेंस से बाहर लाने के बाद दोबारा ऑक्सीजन समय से नहीं लगाई गई। इसके 25 से 30 मिनट के भीतर ही महिला की मृत्यु हो गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल पहुंचने पर कोई स्टाफ मौजूद नहीं था, जिसके कारण उन्हें डॉक्टर के कमरे तक जाना पड़ा। उनका दावा है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक किसी अधिकारी ने मामले का संज्ञान नहीं लिया है और न ही कोई कार्रवाई की गई है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि उन्हें उनका स्टाफ बुलाएगा, तीमारदार नहीं। वहीं वीडियो वीडियो, स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक अन्य कर्मी हाथ में खैनी मलते हुए भी दिखाई दे रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, यह मामला जांचाधीन बताया जा रहा है।
Source link
सीएचसी में इलाज में लापरवाही का आरोप, महिला की मौत:श्रावस्ती में परिजनों ने डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाया