सिद्धार्थनगर में मछलियां सड़क पर बिखरीं, VIDEO:4-5 क्विंटल मछली से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर मौरंग ढेर में घुसी


सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़-सनई नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मछलियों से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौरंग के ढेर में जा घुसी। इस हादसे में वाहन में लदी लगभग 4 से 5 कुंतल मछलियां सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गईं। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह पिकअप बढ़नी क्षेत्र के अकड़हरा गांव से लगभग 20 कुंतल मछलियां लेकर महाराजगंज जनपद के लिए रवाना हुई थी। मछलियों को जीवित रखने के लिए वाहन में पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।
5 तस्वीरों में देखिए सड़क पर बिखरीं मछलियां… पिकअप जब शोहरतगढ़-सनई नेशनल हाईवे पर स्थित धेनसानानकार के पास पहुंची, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। चालक के वाहन संभालने से पहले ही पिकअप सड़क किनारे रखे मौरंग के ढेर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के भीतर रखे मछलियों से भरे कंटेनर और पानी का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते बड़ी संख्या में मछलियां वाहन से बाहर निकलकर सड़क पर फैल गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई मछलियां सड़क किनारे खेतों में दूर तक पहुंच गईं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मछलियां सड़क और खेतों में तड़पती दिखाई दीं। चालक और उसके सहयोगियों ने ग्रामीणों की मदद से बिखरी हुई मछलियों को इकट्ठा करने का प्रयास किया। इस दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के कारण कुछ मछलियां मर भी गईं, जिससे वाहन स्वामी को आर्थिक नुकसान हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *