![]()
एटा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क (सीजीडी) की स्थापना और विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। इसमें संबंधित विभागों और संस्थाओं के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सीजीडी नेटवर्क की स्थापना और विस्तार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और बाधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े कार्यों में आ रही कठिनाइयों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जारी की जाने वाली स्वीकृतियों और अनापत्तियों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी बाधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। यदि किसी समस्या का समाधान जनपद स्तरीय समिति के स्तर पर संभव न हो, तो संबंधित प्रस्ताव को स्पष्ट मंतव्य और संस्तुति सहित राज्य स्तरीय समिति को विचारार्थ भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद स्तरीय समिति की बैठक प्रत्येक माह कम से कम एक बार अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए, ताकि कार्यों की सतत समीक्षा और प्रगति सुनिश्चित हो सके। बैठक में विशेष रूप से चिकोरी प्लांट, श्री सीमेंट प्लांट और मलावन स्थित जवाहर तापीय विद्युत परियोजना तक सिटी गैस पाइपलाइन पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही, शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के दौरान गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारूकी एवं राजकुमार मौर्या, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Source link
सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर डीएम ने बैठक की:परियोजना के विस्तार और बाधाओं पर हुए अहम निर्णय