![]()
श्रावस्ती में सावन के अंतिम सोमवार को लेकर जिले में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच गिलौला कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में शिवभक्त गिलौला से सीताद्वार के लिए रवाना हुए। सीताद्वार पहुंचकर कांवड़ियों ने पवित्र जल भरा और पैदल बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर की ओर प्रस्थान किया। सोमवार सुबह श्रद्धालु बाबा पृथ्वीनाथ का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा में गिलौला क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और धार्मिक गीतों पर कांवड़िए झूमते हुए आगे बढ़ते नजर आए। यात्रा मार्ग पर लगातार ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजते रहे। पूरे क्षेत्र में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। विभूतिनाथ धाम के लिए भी निकले शिवभक्त सिरसिया क्षेत्र स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भी जिले के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में कांवड़िए पवित्र जल लेकर पैदल रवाना हुए। श्रद्धालु सोमवार सुबह मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। बाबा पृथ्वीनाथ और बाबा विभूतिनाथ दोनों शिवधामों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। गिलौला में हुई बाबा महाकाल की भस्म आरती सावन के अंतिम सोमवार से पहले शनिवार रात गिलौला कस्बे के श्री शिव मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती का आयोजन किया गया। रात करीब 10 बजे हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। अंतिम सोमवार को लेकर गिलौला समेत आसपास के क्षेत्रों में शनिवार से ही धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया था। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवधामों में होने वाले जलाभिषेक को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
Source link
सावन के अंतिम सोमवार से पहले उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब:गिलौला से सीताद्वार के लिए रवाना हुए हजारों शिवभक्त, बाबा पृथ्वीनाथ और विभूतिनाथ का करेंगे जलाभिषेक