झांसी में आज तेज धूप से बढ़ेगी उमस:33 डिग्री तक जाएगा टेम्परेचर, शाम को हो सकती है हल्की बारिश


झांसी में मंगलवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, शाम तक एक-दो बार हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। इससे पहले सोमवार को तेज धूप के कारण दिनभर उमस बनी रही। सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्मी और उमस के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को झांसी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से कुछ कम रहा।
मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले पांच दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश के आसार कम हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान बढ़ने के साथ लोगों को एक बार फिर उमस का अहसास हो सकता है। हालांकि, रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। सोमवार रात 12 बजे झांसी का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम बदला तो वायरल फीवर के मरीज बढ़े
दो हफ्तों तक बारिश और बादल छाए रहने के बाद अब तेज धूप निकलने से वायरल फीवर के मरीज बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉक्टर डीएस गुप्ता ने बताया कि बारिश के बाद जब धूप निकलती है तो संक्रमण फैलाने वाले जीवाणु तेजी से बढ़ सकते हैं। इसके चलते वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि मरीजों में बुखार के साथ नाक बहने और सिर दर्द की शिकायत भी सामने आ रही है। संक्रमण से बचाव के लिए उन्होंने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क लगाने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *