![]()
बहराइच में लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। फखरपुर थाना क्षेत्र में एक सांड से टकराकर बाइक पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कैसरगंज थाना क्षेत्र के सिदरखा गांव निवासी रेडीमेड कपड़े के व्यापारी दीपक सिंह (30) और गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के निहाल पुरवा निवासी अर्पित सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों शनिवार को बहराइच आए थे और देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। यह हादसा रात करीब तीन बजे फखरपुर थाना क्षेत्र के कदियापुर मोड़ के पास हुआ। सड़क पर अचानक एक सांड आ गया, जिससे बाइक उससे टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर फखरपुर थाने के उप निरीक्षक ओमप्रकाश गौड़ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायलों को फखरपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
Source link
सांड से टकराकर पलटी बाइक, व्यापारी समेत दो की मौत:बहराइच में लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर हादसा, घर लौटते समय हादसा