सहारनपुर लोहानी सराय में चला अतिक्रमण अभियान:टीम ने सड़क पर रखा सामान जब्त किया, दुकानदारों पर लगाया जुर्माना


सहारनपुर नगर निगम ने शनिवार दोपहर लोहानी सराय क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमणरोधी अभियान चलाते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर रखा दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम लोहानी सराय पहुंची। निगम की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान अंबाला रोड और नेहरू मार्केट की ओर से एक साथ चलाया गया, जिससे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अपना सामान समेटने का अवसर भी नहीं मिल सका। नगर निगम की टीम ने सड़क पर रखा जो भी सामान पाया, उसे तुरंत जब्त कर निगम की ट्रॉली में रख लिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने यह दलील दी कि उन्होंने बहुत कम सामान बाहर रखा है, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी और कार्रवाई जारी रखी। अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान करीब दो दर्जन दुकानों से बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया। जब्त सामान में दो लोहे के संदूक, चार काउंटर, चार ड्रम, दो मैट, चार प्लास्टिक ड्रम, 15 लोहे के तसले, छह प्लास्टिक तसले, छह छोटे जैक, ठेलियों पर लगाने वाली दो बड़ी छतरियां, आठ जालियां तथा चार बारीक मैट और गद्दे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वाले कुछ दुकानदारों से लगभग 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा के साथ प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग, सुरक्षा अधिकारी हरि प्रकाश कसाना तथा प्रवर्तन दल के अन्य जवान मौजूद रहे। नगर निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों और मार्गों पर सामान रखकर अतिक्रमण करने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *