![]()
सहारनपुर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-70 स्थित तारों का चौक में दो युवकों पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरा किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना 31 जुलाई की शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शनिवार शाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दोनों युवक गली से गुजर रहे थे। तभी अचानक कई आवारा कुत्ते उन पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से दोनों युवक घबरा गए। कुत्तों ने एक युवक को काटकर घायल कर दिया, जबकि दूसरा युवक दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। लोगों में दहशत, कई बार हो चुकी हैं घटनाएं स्थानीय लोगों का कहना है कि तारों का चौक और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुबह-शाम सड़कों और गलियों में कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में डर का माहौल है। नगर निगम पर लापरवाही का आरोप क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि पहले भी कुत्तों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देता रहा। विशेष अभियान चलाने की मांग स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी कराने और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है।
Source link
सहारनपुर में 2 युवकों पर झपटा आवारा कुत्तों का झुंड:एक घायल, घटना CCTV में कैद