सहारनपुर में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा:डीएम ने अतिक्रमण हटाने और वैडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए


सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने व्यापार बंधुओं की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा- व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। एजेंडे में शामिल किसी भी शिकायत को तब तक निस्तारित न माना जाए, जब तक शिकायतकर्ता स्वयं समाधान से संतुष्ट न हो जाए। राज्य कर विभाग के सहयोग से आयोजित बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में जाम, अतिक्रमण, सड़क व्यवस्था और शौचालयों जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। नुमाइश कैंप के पास पुलिया पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की शिकायत पर डीएम ने नगर निगम और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शहर में विकसित होंगे व्यवस्थित वैडिंग जोन जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क किनारे कारोबार करने वालों के लिए व्यवस्थित वैडिंग जोन विकसित किए जाएं, ताकि उन्हें निर्धारित स्थान मिल सके और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने को कहा। अंसारी रोड पर बनेगा यूरिनल अंसारी रोड क्षेत्र में व्यापारियों के लिए शौचालय की समस्या उठाए जाने पर डीएम ने नगर निगम को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर यूरिनल निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता पर होना चाहिए। बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि कई दुकानदार दुकान होने के बावजूद सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे हैं। डीएम ने ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। निर्माण कार्य की अव्यवस्था पर जताई नाराजगी अंसारी रोड पर शिवालिक बैंक और कोतवाली के निकट चल रहे निर्माण कार्य के दौरान फैली सामग्री और गंदगी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों को 30 जून तक पूरा कर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घटतौली करने वालों पर चलेगा अभियान डीएम ने विधिक माप विज्ञान विभाग को घटतौली करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए विभाग को रोस्टर तैयार कर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में ढमोला नदी की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनपद में लेबर अड्डा विकसित करने के प्रस्ताव पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में उपजिलाधिकारी और नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने के निर्देश भी दिए गए। पिछले एजेंडे के निस्तारण पर व्यापारियों ने जताया संतोष जिलाधिकारी की सख्ती के चलते पिछले महीने के अधिकांश एजेंडा बिंदुओं का समयबद्ध निस्तारण होने पर व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *