सहारनपुर में बदहाल सड़क पर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन:चौड़ीकरण और जल निकासी बहाल करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी दी


सहारनपुर में शुक्रवार दोपहर 3 बजे देहरादून रोड से जनता रोड को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। चार गांवों के लोगों ने सड़क के चौड़ीकरण, मरम्मत और जल निकासी के स्थायी समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला उपाध्यक्ष औरंगजेब उर्फ लालू हसन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पाडली खुशहालपुर, जमालपुर, सलेमपुर गाड़ा और सिम्भालका जुनारदार को जोड़ने वाली यह सड़क वर्षों से जर्जर है। सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम लगता है और बरसात में बड़े गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री संचालक ने सरकारी नाले पर निर्माण कर दिया है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लालू हसन ने बताया कि यह सड़क कई वर्षों से खराब पड़ी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी कभी पीडब्ल्यूडी तो कभी अन्य विभाग का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं। सड़क की लगातार बिगड़ती स्थिति से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का जल्द चौड़ीकरण, गड्ढों की मरम्मत और अवरुद्ध जल निकासी को तत्काल बहाल करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। उन्होंने दोहराया कि यदि प्रशासन ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में सचिन देव, आजम, पिंटू, शाहनजर, गुल्ला, अजय, लुकमान, रोहित आदि सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *