सहारनपुर में फोन पर तीन तलाक दिया:महिला ने पति समेत 6 पर कराई FIR, जान से मारने की धमकी का आरोप


सहारनपुर में तीन तलाक का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर फोन पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला गागलहेड़ी क्षेत्र के भाभरेकी गांव निवासी महिला आईशा प्रवीन का है। महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में पापड़ेकी रसूलपुर निवासी परवेज आलम के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन संतान न होने पर ससुराल पक्ष ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे बांझ कहकर अपमानित किया जाता था और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। महिला का आरोप है कि पति ने करीब तीन वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली। इसके बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। रुपए न लाने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को उसने पति से फोन पर बात कर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन पति ने गाली-गलौज करते हुए फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *