सहारनपुर में नाबालिग का अपहरण करने का आरोपी अरेस्ट:किशोरी सकुशल बरामद, पहले भी इसी मामले में गया था जेल


सहारनपुर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के एक संवेदनशील मामले में सफलता हासिल की है। मंगलवार को पुलिस ने अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपी सूफियान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी 2025 को थाना चिलकाना पुलिस को एक महिला ने लिखित शिकायत दी थी। महिला ने आरोप लगाया था कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को गांव खेडामेवात का रहने वाला युवक सूफियान पुत्र फरजन्द बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना चिलकाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने किशोरी की तत्काल बरामदगी के निर्देश दिए। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी सिमरन सिंह (IPS) के नेतृत्व में एएचटीयू और थाना चिलकाना की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मंगलवार को दिल्ली रोड से किशोरी को बरामद कर आरोपी सूफियान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सूफियान पहले भी इसी किशोरी को भगाने के मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह जेल गया था। हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा नाबालिग को अपने साथ भगा लिया। पुलिस ने वर्तमान मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। बरामदगी और गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई नितिन कुमार, महिला उपनिरीक्षक दीक्षा, महिला उपनिरीक्षक सुमन, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और महिला हेड कांस्टेबल सुनीता शामिल थीं। पुलिस ने बताया कि किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *