सहारनपुर में तमंचों के साथ युवकों का डांस…VIDEO:सरसावा क्षेत्र के गांव का मामला, पुलिस जांच में जुटी


सहारनपुर जिले के थाना सरसावा क्षेत्र में युवकों द्वारा अवैध तमंचों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथों में तमंचे लहराते हुए डांस और स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में कई युवक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में तमंचे हाथ में लेकर नाचते और दबंगई दिखाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो सरसावा थाना क्षेत्र के किसी गांव का है, हालांकि वीडियो कब बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन युवाओं में गलत संदेश देता है और अपराध को बढ़ावा दे सकता है। वहीं कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की है। सूत्रों के अनुसार पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि वीडियो में दिखाई दे रहे तमंचे असली हैं या नकली। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि वीडियो में अवैध हथियारों का प्रयोग पाया गया तो संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *