![]()
सहारनपुर में जनगणना-2027 की ड्यूटी को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने नाराजगी व्यक्त की है। शुक्रवार को महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्त्रियां डीएम कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्त्रियों ने मांग की है कि उनकी जनगणना ड्यूटी उनके स्वयं के कार्यक्षेत्र और गांवों में ही लगाई जाए। उनका तर्क है कि इससे वे अपनी पारिवारिक और नौकरी संबंधी दोनों जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बना सकेंगी। संघ की जिलाध्यक्ष सुलेलता पंवार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नगर निगम क्षेत्र और शहरों में ड्यूटी पर लगाए जाने से उन्हें भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्यकर्त्रियां छोटे बच्चों और परिवार की देखभाल करती हैं, और सुबह से शाम तक शहर में ड्यूटी करने से बच्चों की देखभाल, भोजन और घरेलू कार्य प्रभावित होते हैं। कई आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। कुछ महिलाओं के पति बीमार या दिव्यांग हैं, जिनकी पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी लगना उनके लिए एक गंभीर समस्या बन गया है। कार्यकर्त्रियों ने स्पष्ट किया कि वे काम करने से पीछे नहीं हट रही हैं, लेकिन उनकी परिस्थितियों को देखते हुए ड्यूटी स्थानीय स्तर पर ही लगाई जानी चाहिए। कार्यकर्त्रियों ने यह आरोप भी लगाया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) की पसंद का विकल्प नहीं दिया गया, जबकि अन्य केंद्रों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने बताया कि लगातार मानदेय कटौती, विभागीय दबाव और कार्यालयों के चक्कर लगाने से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रही हैं। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बेहद कम मानदेय में लंबे समय से सेवाएं दे रही हैं, इसके बावजूद उन पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां डाली जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम के समय दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी न लगाने की भी मांग की। डीएम कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर राहत प्रदान करने का आग्रह किया। इस दौरान आरती सैनी, मंजू,अनीता सैनी, शिवलेश,संदीपा यादव,नीलम शर्मा,अर्चना सैनी सहित कई कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।
Source link
सहारनपुर में डीएम कार्यालय पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का प्रदर्शन:जनगणना ड्यूटी अपने कार्यक्षेत्र में लगवाने की मांग, समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन