सहारनपुर में छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ FIR:युवक ने जबरन हाथ पकड़ा था, विरोध पर मारपीट की थी


सहारनपुर में एक नर्सिंग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। थाना जनकपुरी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव पिंजौरा निवासी यह युवती रामपुर मनिहारन के एक नर्सिंग कॉलेज में जी.एन.एम तृतीय वर्ष की छात्रा है। उसने आरोप लगाया है कि उसका सहपाठी राहुल कपूर लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था और अश्लील टिप्पणियां करता था। पीड़िता के अनुसार, राहुल उसे कक्षा में भी परेशान करता था। घटना 18 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब एक बजे की है। पीड़िता एसबीडी अस्पताल के महिला वार्ड में प्रशिक्षण के दौरान किसी काम से बाहर आई थी। आरोप है कि इसी दौरान राहुल कपूर ने उसे जबरन पकड़ लिया। जब छात्रा ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे गंदी गालियां देते हुए दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी भी दी। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर अन्य छात्राएं और कई लोग पहुंच गए। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने अपने पिता को फोन पर जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पीड़िता ने थाना जनकपुरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राहुल कपूर के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद अस्पताल और कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। छात्राओं ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *