सहारनपुर में इंजेक्शन लगवाकर गर्भपात कराया…मां बनने से रोका:पीड़िता बोली-दहेज से नहीं भरा ससुरालियों का पेट, पल्सर बाइक की मांग, विरोध पर मारपीट, घर से निकाला


सहारनपुर में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर न सिर्फ दहेज के लिए प्रताड़ित करने बल्कि जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसे मां बनने से भी रोक दिया गया और अब उसे ‘बांझ’ कहकर अपमानित किया जा रहा है। ग्राम कलसी निवासी सुनीता के अनुसार, उसकी शादी 19 फरवरी 2019 को अजीत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपए खर्च करने और सोने-चांदी के जेवर, नकदी व घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। पीड़िता के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पति अजीत, ससुर संदीप, सास बोबी, देवर आयुष और ननद प्रिया ने दहेज में पल्सर बाइक की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार ताने, गाली-गलौच और मारपीट का सामना करना पड़ा। तहरीर में सबसे गंभीर आरोप ये है कि जब वो गर्भवती हुई, तो ससुराल पक्ष ने धमकी दी कि दहेज पूरा नहीं हुआ तो उसे इस घर का वारिस पैदा नहीं करने देंगे। आरोप है कि पति अजीत उसे चेकअप के बहाने डॉक्टर के पास ले गया, जहां जबरन इंजेक्शन लगवाकर उसका गर्भ गिरवा दिया गया। पीड़िता का दावा है कि उस इंजेक्शन के साइड इफेक्ट के कारण वह दोबारा कभी गर्भवती नहीं हो सकी। इसके बाद ससुराल पक्ष ने उसे ‘बांझ’ कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सुनीता ने बताया कि 21 अक्टूबर 2021 को ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह मारपीट कर घर से निकाल दिया और चेतावनी दी कि दहेज की मांग पूरी किए बिना वापस आई तो जान से मार देंगे। इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची। पीड़िता के परिवार ने कई बार समाज के लोगों के जरिए समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे वापस रखने से साफ इनकार कर दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *