![]()
रामपुर की ककरौआ किसान सेवा सहकारी समिति परिसर में जलभराव किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे समिति के मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से खाद लेने आए किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिना बारिश के भी सड़क पर जलभराव होने से किसानों को खाद की बोरियां पानी के बीच से ले जानी पड़ीं। समिति से खाद लेने पहुंचे किसानों ने सिर, कंधों और बाइक पर खाद की बोरियां रखकर पानी से भरे रास्ते को पार किया। जलभराव के कारण फिसलने और हादसे का खतरा भी बना रहा। किसानों का कहना है कि खाद लेने के बाद उन्हें इसी रास्ते से खेतों तक जाना पड़ता है, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण हर बार परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय से बनी है समस्या मुड़िया खेड़ा गांव के किसान नरपत सिंह ने बताया कि समिति परिसर में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि समस्या सभी के सामने है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं किसान राम अवतार ने कहा कि खाद लेने आने वाले किसानों को हर बार इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। जल्द होगी मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था सहकारी समिति के अध्यक्ष पति कुमार बहादुर सिंह ने परिसर में जलभराव की समस्या स्वीकार की। उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि किसानों को खाद लेने और ले जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
सहकारी समिति के बाहर जलभराव से किसान परेशान:रामपुर में खाद ले जाने में हो रही दिक्कत, बिना बारिश सड़क पर भरा पानी