सरकारी नौकरी के नाम पर 14.05 लाख की ठगी:सहारनपुर के युवक को प्रयागराज के दो लोगों ने दिया झांसा, 23 लाख में हुई थी डील, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज


सहारनपुर में 23 लाख में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 14.05 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि प्रयागराज के रहने वाले दो लोगों ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पीड़ित की मुलाकात 5 साल पहले आरोपियों से हुई थी। लेकिन अभी तक उसकी नौकरी नहीं लगी। आरोपियों से नौकरी ना लगने पर पैसा मांगता रहा लेकिन ना पैसा मिला और ना नौकरी। मुकदमा दर्ज कराने को पुलिस के चक्कर काटता रहा। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी, अब कोर्ट के आदेश पर देर रात 10.05 बजे मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना बेहट क्षेत्र के गांव आलमपुर कलां निवासी रमन सैनी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2021 में प्रयागराज निवासी प्रेम नारायण शर्मा और राम जतन मंडेला उनके घर आए थे। दोनों का परिचय उनके पिता स्व.मलखान सिंह और पूर्व प्रधान स्व.फूल सिंह से था। उसी दौरान उनके भांजे हर्ष और बहनोई आशीष नौकरी की तलाश में थे। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने सरकारी विभागों में अच्छी पहुंच होने का दावा करते हुए दोनों युवकों की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके बदले 23 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, उनके पिता ने रिश्तेदारों से रुपये जुटाकर अलग-अलग तिथियों में प्रेम नारायण शर्मा के इंडियन बैंक खाते में कुल 19.50 लाख रुपये जमा कराए। इसके अलावा 3.50 लाख रुपये नकद भी गवाहों की मौजूदगी में दिए गए। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ फार्म भी भरवाए गए, लेकिन किसी की नौकरी नहीं लगी और आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। रमन सैनी का आरोप है कि दबाव बनाने पर आरोपियों ने किश्तों में कुल 8.95 लाख रुपए वापस किए, जिनमें सात लाख रुपए उनके पिता के खाते, 95 हजार रुपए उनकी बहन ममता के खाते और एक लाख रुपए बहनोई के पिता के खाते में जमा कराए गए। इसके बाद भी 14.05 लाख रुपए बकाया हैं, जिन्हें आरोपी वापस नहीं कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूली है। पीड़ित ने बताया कि उसने पहले बेहट थाने और बाद में 28 मई 2026 को एसएसपी से भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर बेहट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *