सफाईकर्मियों का नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन:रायबरेली में अभद्रता और गाली-गलौज के आरोप पर कार्रवाई की मांग


रायबरेली के बछरावां में नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को झाड़ू लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अध्यक्ष पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। सफाईकर्मी नगर पंचायत के पुराने कार्यालय में सफाई नायक मनोज से साफ-सफाई के संबंध में बात करने गए थे। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि अध्यक्ष ने एक सफाईकर्मी को 100 रुपये का नोट देकर चाय लाने को कहा। सफाईकर्मियों का कहना है कि चाय आने के बाद अध्यक्ष ने बिना किसी कारण अपशब्द कहे और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। देखते ही देखते उन्होंने गाली-गलौज और धमकी देना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी बताया है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार ऐसा व्यवहार किया जा चुका है, जिससे उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से आघात पहुंचा है। इस घटना के बाद सफाईकर्मियों में भारी रोष व्याप्त हो गया। सभी सफाईकर्मी एकजुट होकर नगर पंचायत के पुराने कार्यालय से नए कार्यालय तक हाथों में झाड़ू लेकर मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी रामाशीष से पूरे मामले का संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की अपील की है। वहीं, अधिशासी अधिकारी रामाशीष ने बताया कि प्रकरण की जांच होनी चाहिए। फिलहाल, उनकी ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, और वे घटना के बारे में कुछ भी कहने से बचते दिखे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *