सपा विधायक के घर के बाहर युवकों का हंगामा:गाड़ी में लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे, खूब गालिया दीं, भतीजे की पिटाई का आरोप


अमेठी में विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर देर शाम दबंगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि दो दर्जन से अधिक लोग कई गाड़ियों में सवार होकर आए और घर में मौजूद लोगों को गालियां दीं। विरोध करने पर विधायक के भतीजे की पिटाई भी की गई। यह घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पर रात करीब 8:30 बजे हुई। हमलावरों ने विधायक को भी गालियां दीं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी दबंग परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव को आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और कार्यकर्ता हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर शुरू हुआ था। इस घटना के बाद विधायक के समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश है और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर जमा हो गए हैं। विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव से भी आरोपियों को पार्टी से निष्कासित करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *